Showing posts with label गोष्ठी. Show all posts
Showing posts with label गोष्ठी. Show all posts

फ्रेंड्स ऑफ़ फोर्ट चित्तौड़ के आयोजन की रिपोर्ट


दुर्भाग्य यह है कि हमारी पीढ़ी  के पास देश के लिए कोई सपना नहीं है-डॉ रेणु व्यास

डॉ रेणु व्यास
हमें ये नहीं भूलना नहीं चाहिए कि आज हम जिस गणतांत्रिक भारत में रहते है वो हमारे ही पुरखों के लम्बे संघर्ष का सुखद परिणाम है। इस वैश्विक समय में अपने ही संविधान की प्रस्तावना को शब्दश सच करने का लंबा रास्ता और उद्देश्य एक बड़ी जिम्मेदारी की तरह हमारे सामने है। उन्नीसवीं शताब्दी के आरम्भ से शुरू जनजागरण से लेकर देश की आज़ादी तक का अपना पहला संघर्ष पूरा हुआ मगर बीते चौसंठ सालों में भी हम अपनी बहुत सी व्याधियों से लड़ते रहे हैं। जातिवाद, साम्प्रदायिकता, भ्रष्टाचार, सामाजिक-आर्थिक गैर बराबरी की दीवारे कमोबेश रूप में आज भी हमारे सामने अखंड खड़ी हैं। अफसोस इस नितांत व्यक्ति केन्द्रित समय में हमारी युवा पीढ़ी के पास स्वतन्त्रता सेनानियों की तरह कोई राष्ट्रीय सपना नहीं है। फिर भी हमें इस तंत्र में आमजन के हस्तक्षेप को ज्यादा मजबूत बनाने की तरफ सोचना होगा।

डॉ सत्यनारायण व्यास 
हमें गर्व होना चाहिए कि  हमने अपने ढ़ंग  से अपने राष्ट्र की परिभाषा दी है। जहां भारत में राष्ट्र का अर्थ कोई भौगोलिक सीमा से नहीं होकर समस्त मानव समाज  से है और समाज भी ऐसा जहां जाति ,नस्ल, धर्म जैसी संकीर्णता से हम परे हैं। हमारी ये परिभाषा उन यूरोपीय देशों से कई ज्यादा अच्छी है जो बहुत संकड़ी मानसिकता के कारण बाद में आगे नहीं बढ़ सके। गणतंत्र का अर्थ हमारे लिए दासता और उपनिवेशवाद से मुक्ति था  जिसके सही मायने हमें मालुम होने चाहिए। हमारे देश में संविधान की संप्रभुता हमारी जनता से है। चूँकि हम सभी में से अधिकाँश का जन्म आज़ाद भारत में हुआ है इसलिए हम संघर्ष का सही अंदाजा नहीं लगा पाए हैं। हम देश की आज़ादी के साथ मिली उपलब्धियों का असल मोल हम समझ ही नहीं पाए हैं।


ये विचार नगर की युवा विचारक डॉ रेणु व्यास ने फ्रेंड्स ऑफ़ फोर्ट चित्तौड़ जैसे अनौपचारिक समूह द्वारा चित्तौड़ दुर्ग पर स्थित विजय स्तम्भ परिसर में आयोजित एक संगोष्ठी में व्यक्त किये। 26 जनवरी के उत्सवी माहौल में सवेरे सवा ग्यारह बजे शुरुआत यहाँ में हिंदी कवि और समालोचक डॉ सत्यनारायण व्यास सहित पचास से भी अधिक नागरिकों द्वारा झंड़ारोहण किया गया। डॉ व्यास ने ऐसे कार्यक्रम दुर्ग जैसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर केन्द्रित कर उन्हें आमजन के नेतृत्व में पूरे किये जाने की महती ज़रूरत व्यक्त की। संयोजक पवन पटवारी के अनुसार जानेमाने गीतकार अब्दुल ज़ब्बार ने राष्ट्र स्तुति में गीत पढ़े। 

डॉ राजेन्द्र सिंघवी 

इस मौके पर कोलेज के हिन्दी प्राध्यापक डॉ राजेन्द्र कुमार सिंघवी ने कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव लोकतांत्रिक रही है। विदेशी दासता के क्षणों में भी हमने अपने मूल सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक स्वरुप को सदैव बनाए रखा है उसी का परिणाम है कि  हम तब भी उच्च कोटि के वैचारिक साहित्य की रचना कर सके। समय के साथ इस लोकतंत्र को ज्यादा परिपक्व बनाए जाने की आवश्यकता है अन्यथा इसके भीड़तंत्र में तब्दील हो जाने की पूरी आशंका है। संगोष्ठी को भूमि विकास बैंक अध्यक्ष अनिल सिसोदिया और भास्कर ब्यूरो प्रमुख राकेश पटवारी ने संबोधित करते हुए कहा कि ये आयोजन ज्यादा सशक्त संस्थागत स्वरुप में आगे बढ़े और इसे दुर्ग से जुड़े दूसरे ज़रूरी पहलुओं पर भी  केन्द्रित कार्यक्रम करने चाहिए। 


गीतकार अब्दुल ज़ब्बार 
कुछ फ्रांसीसी पर्यटकों सहित फोटोग्राफर वेलफेयर सोसायटी के के के शर्मा,  गोपाल शर्मा, जायंट्स ग्रुप के  जगदीश चन्द्र चौखड़ा, चित्तौड़गढ़ अरबन को-ओपरेटिव बैंक के आई एम् सेठिया,  मनसुख पटवारी, वंदना वजिरानी, अमन फाउंडेशन के रामेश्वर लाल पंडया, अपनी माटी के डॉ राजेश चौधरी, कौटिल्य भट्ट, चन्द्रकान्ता व्यास, नंदिनी सोनी, दिनेश सांचोरा, दुर्ग विकास संस्थान के गौतम भड़कत्या  सहित  चित्तौड़ चेतक, जेसीस क्लब की सहभागिता से आयोजन हुआ। समापन कृष्णा सिन्हा के कविता पाठ और जगदीश चन्द्र चौखड़ा द्वारा आभार के साथ हुआ। संगोष्ठी के सूत्रधार संस्कृतिकर्मी माणिक थे। 

पवन पटवारी
आयोजन समन्वयक 
फ्रेंड्स ऑफ़ फोर्ट चित्तौड़ अनौपचारिक समूह

बाकी छायाचित्र 



संचालन करते माणिक 

शुरू में समूह फोटो 

आखिर में समूह का फोटो 



सीता ही बार बार अग्नि परीक्षा क्यों दे ? डॉ सत्यनारायण व्यास

अपनी माटी / चित्तौड़गढ़ समूह का आयोजन 

डॉ सत्यनारायण व्यास
समकालीन परिदृश्य में देश में जिस तरह के हालात है,कहीं न कहीं हमारी मानसिकता प्रश्नों के घेरे में हैं।पुरुष वर्चस्व वाले इस समाज को अपने ढाँचे के बारे में फिर से चिंतन करना चाहिए।यहाँ हमारी रुढ़िवादी परम्पराओं में सीता ही अग्नि परीक्षा दे यह कहाँ का न्याय है।चारित्रिक पतन के सवाल के घेरे में हम सभी हैं।सभी तरह के वादों से ऊपर उठते हुए हमें मानवतावाद का पक्षधर होना होगा।तभी हमारे इंसान होने का सही फ़र्ज़ हम पूरा कर पायेंगे।कविता,कहानी आदि का शगल और साहित्य जीवन के लिए साधन मात्र है साध्य नहीं।जीवन ही सर्वोपरी है।साहित्य और दर्शन हमें सही मायने में जीना सिखाते हैं।

यह विचार कवि गोष्ठी की शुरुआत में हिन्दी समालोचक और कवि डॉ सत्यनारायण व्यास ने व्यक्त किये। अपनी माटी वेबपत्रिका के चित्तौड़गढ़ समूह से जुड़े साथियों द्वारा तीन जनवरी शाम एक कवि गोष्ठी का आयोजन सैंथी में किया गया।बिना किसी औपचारिकता के इस गोष्ठी में लोककलाविद चन्द्रकान्ता व्यास ने सरस्वती वन्दना के मार्फ़त गुरु शंकराचार्य के द्वारा देवी के आव्हान को शब्द दिए।वहीं संस्कृतिकर्मी माणिक ने अपनी दो कविताओं के ज़रिये हमारे बदलते हुए सामाजिक परिवेश में पीछे छूटते हुए मूल्यों का बखान किया।समय के साथ ख़त्म होते सनातन प्रतिमान के प्रति चिंता जाहिर की।अब कोई आवाज़ नहीं देता पड़ौसी  को , नहीं याद आता दूजा पड़ौसी जैसी शीर्षक वाली रचना के साथ ही आँगन आकाशवाणी का जैसी बिम्ब प्रधान कविता सुनाई।प्राकृतिक बिम्बों के मानवीयकरण के लिहाज से रचना सराही गयी।

आकाशवाणी के कार्यक्रम अधिकारी,कवि और युवा कहानीकार योगेश कानवा ने तीन कवितायेँ पढ़ी जिनमें इस दौर में आदमी के बहुत नीचे तक जाकर गिरने और मानव मूल्यों को ताक में रखकर जीने की कला जैसे विषय को अपना आधार बनाया।पुलिस व्यवस्था और सेल संस्कृति को भी उन्होंने अपना निशाना बनाया।कोलेज में हिन्दी प्राध्यापक डॉ राजेन्द्र कुमार सिंघवी ने रामायण और महाभारत के अंशों से उदाहरण लेते हुए 
तीन मुक्तक गाकर सुनाये।और कहा कि हमारे हिन्दी साहित्य के इतिहास में अफ़सोस इस बात का है कि गीत,ग़ज़ल की परम्परा को सही मायने में अंकित नहीं किया गया।

अंत में डॉ सत्यनारायण व्यास ने अपनी हाल में खासी चर्चित प्रबंध रचना सीता की अग्नि परीक्षा के शुरुआती पद सुनाये।निराला की राम की शक्ति पूजा के उतरार्ध के रूप में लिखी इस लम्बी कविता के बहाने डॉ व्यास ने हमारे समाज में महिलाओं के प्रति पुरुषों के दोगले चरित्र को उजागर किया है।साथ ही उन्होंने इस संक्रमण के काल में बचे हुए सुख की तरफ इशारा करती एक छन्दमुक्त कविता भी सुनायी।

गोष्ठी के अंत में हिन्दी व्याख्याता डॉ कनक जैन, कोलेज प्राध्यापक डॉ राजेश चौधरी  ने सुनायी गयी कविताओं के बारे में विस्तार से अपने विचार रखकर विमर्श किया। केन्द्रीय साहित्य अकादेमी द्वारा चंद्रकांत देवताले जैसे वरिष्ठ कवि को अकादेमी सम्मान दिए जाने पर खुशी ज़ाहिर की। आयोजन को अतिथि, संचालन, स्वागत और आभार जैसी औपचारिकता से दूर रखा गया।

माणिक की डायरी में मेरे घर एक गोष्ठी

पहले से तय था।मुझे योगेश जी कानवा को लेकर सत्यनारायण जी के घर जाना था।कानवा जे पास गाड़ी  नहीं थी ऑफिस की गाड़ी हर कहीं तो नहीं ले जाई जा सकती है ना।कल ही मेरी एम् ए  हिन्दी के पहले साल के सारे पेपर ख़त्म हुए थे।फोन से पता लगा व्यास जी ने अपने घर कोई छोटी संगोष्ठी रखी है। गृहस्थी के ज़रूरी काम निबटा मैं वहाँ जाते वक़्त राजेन्द्र सिंघवी जी को ले गया। आज पहली बार उन्होंने भी अपने बचपन में लिखी कविता पढने का मन बनाया।कनक भैया को पूछा पता लगा वे आधे रास्ते पहुँच गए।गज़ब की ठण्ड थी।शहर के लगभग बाहर सैंथी में व्यास जी का घर।लेकिन उनका कहा हम टाल जाए,सम्भव नहीं था।मकसद कविता पढ़ने  से ज्यादा मिलने जुलने का था।

सवा सात सब हाज़िर।व्यास जी व्यास गाडी पर पहले से रजाई ओढ़ बैठे थे।हम भी कुर्सियों में धंस गए।कमरा पर्याप्त गरम था।घर में चन्द्रकान्ता जी (मम्मी जी )ही थे।बस कुह्ह हाय-हेलो के बाद मम्मी जी ने व्यास जी की लिखी सरस्वती वन्दना पढ़ी ।गोष्ठी शुरू।दूजा नंबर मेरा।एक कविता 'शनै-शनै सब गायब' पढ़ी ,बहुत से दाद मिली।दिल खुश हुआ।एक की और फरमाईश हुयी ,' आँगन आकाशवाणी' का पढ़ी।ये दोनों कवितायेँ पहली बार पढ़ी थी। फिर कनक भैया जैसे श्रोता को फलांग कर योगेश जी ने तीन कवितायेँ पढ़ी।फिर राजेश जी को फलांग कर राजेन्द्र बाबू ने तीन मुक्तक लय में सुनाये।गज़ब की पकड़ है गले में।मौक़ा मिले तो राजेन्द्र बाबू को 
छोड़ना मत।अंत में व्यास जी ने अपनी 'सीता की अग्नि परीक्षा' सुनायी।

फिर आया नास्ता - तिल्ली की पपड़ी,गुजराती ट्रेंड का हांडवा,पकौड़ी,चाय,सर्दी के लड्डू और भी बहुत कुछ।भरपेट  आनंद।इस प्रकार कल शाम सात बजे से एक घंटे तक विशुद्ध रूप से कवितायेँ सूनी और सुनाई।हज़ारों के सामने से मंच पर पढ़ने की लालसा मुझे कभी रास नहीं आयी।कल हम केवल दस थे।उसमें से कवि चार।बाकी विमर्श हुआ।आपस की बात हुयी।जलपान हुआ।एक इत्मीनान था।फोटो-फाटी की जल्दी नहीं थी।कोई औपचारिकता हमने धकेल नहीं रही थी।हम खुले थे।बिना जल्दबाजी के दो-दो कवितायेँ।बिना संचालन की संगोष्ठी।अतिथि-फतिथि के झंझट से मुक्ति।

कितना सुकून था उन दो घंटों में।ये वक़्त चित्तौड़ के डॉ सत्यनारायण व्यास के घर पर एक सहज आयोजन के रूप में बीता।डॉ कनक जैन,डॉ राजेश चौधरी,डॉ राजेन्द्र कुमार सिंघवी,मैं,योगेश कानवा,चन्द्रकान्ता व्यास,जे की पुरबिया थे बस।इस तरह की संगत इंसान को जीवन का अंदाज सिखाती है।खैर।औपचारिक रिपोर्ट भी देने की कोशिश करूंगा।जो शायद कहीं अखबार में छप जाए।