Showing posts with label आयोजन. Show all posts
Showing posts with label आयोजन. Show all posts

संभावना की संगोष्ठी रिपोर्ट


साहित्य के इस दौर में कठिन भाषा में लिखना सरल है पर सरल भाषा में लिखना कठिन है, आमजन मानस में सहजता व सरलता से उतरने वाली भाषा ही कालजयी होती हैं ।

संभावना द्वारा आयोजित एकल कविता पाठ में आलोंचक व कवि डा. सत्यनारायण व्यास ने अपनी कविताओं के पाठ की शुरुआत में कहा कि संघर्ष से कविता बनती है और वही आदमी को विपरित परिस्थितियों मे जिन्दा रखती है। सारा जीवन पढ़ते-पढ़ाते गुज़र गया और यही ज़रूरी बात जान पाया कि हिन्दी का पाठक अगर संस्कृत,राजस्थानी  और उर्दू का भी जानकार हो जाए तो सही मायने में एक अध्येता की भूमिका अदा कर सकता है.वेद,पुराण पढ़े और उनके साथ ही मैंने लोक जीवन को भी असल में अनुभव किया है मैं आखिर में किसी एक को चुनने के मसले पर लोक जीवन चुनुँगा.क्योंकि शास्त्र भी लोक से ही उपजा है.

डॉ. व्यास ने तीन अलग-अलग पडावो के साथ अपनी कविताएँ पढ़ी,नगर के रुचिशील पाठकों के बीच संपन्न इस आयोजन ने नगर में पाठकीयता को फिर से जाग्रत किया है.खुद को कभी भी कवि नहीं मानने वाले डॉ. व्यास ने पहले दौर में संन्यास जैसी दर्शनपरक कविता श्रोताओं को सुनाई.उसी के ठीक बाद डाईट चित्तौड़ के प्राध्यापक डॉ. राजेन्द्र सिंघवी ने उनके कविता संग्रह 'मेरी असमाप्त यात्रा' पर पिछले दौर के तमाम बड़े रचनाकारों की पंक्तियों के उदाहरण देते हुए अपनी समालोचकीय प्रतिक्रया रखी.

दुसरे पडाव पर डॉ. व्यास ने देशज शब्दों से पूरित आमजन जनजीवन के करीब की कविताएँ सुनाई जिसमें उनके आदिवासी  बहुल  क्षेत्र  में बिताएं समय की गंध साफ़ तौर पर अनुभव की गयी.यहीं पाठकों को उन्होंने अपने दूसरे कविता संग्रह 'देह के उजाले में' से भी कुछ महत्वपूर्ण रचनाएं सुनाई.इस बीच डॉ. रेणू व्यास ने एक बेटी के रूप में अपने पिता के साहित्यिक जीवन के समानान्तर रही परिस्थितियों को प्रभावी रूप से सामने रखा,उन्होंने डॉ. व्यास की कविता को जीवन के विभिन्न परिप्रेक्षों में विवेचित किया.


आखिर में डॉ. व्यास ने अपने साठ की उम्र के आसपास की नई और चुनी हुई रचनाएं सुनाई जिन्हें सबसे ज्यादा पसंद किया गया.उन्होंने पाठ का अंत राजनीति और हमारे वर्तमान समाज को केन्द्रित करते मुक्तकों से किया .इस अवसर पर संभावना की मुख पत्रिका 'बनास जन' का लोकार्पण राजस्थानी दोहाकार शिवदान सिंह कारोही और  डॉ. व्यास ने किया ,साथ ही इस अंक में निहित डॉ. माधव हाड़ा के लम्बे आलेख 'मीरा का समाज' पर एम्.एल.डाकोत ने संक्षिप्त टिप्पणी की.आयोजन के सहभागी पहल संस्थान के संयोजक जे.पी.दशोरा और व्याख्याता डॉ.राजेंश चौधरी ने अतिथियों का माल्यार्पण किया.आभार माणिक ने दिया.संगोष्ठी का संचालन डॉ. कनक जैन ने किया वहीं सूत्रधार की भूमिका में संतोष शर्मा,विकास अग्रवाल और अजय सिंह थे.इस संगोष्ठी में नगर के लगभग तमाम साहित्य प्रेमी मौजूद थे.

साठ के आसपास की कविता


साठ के आसपास की कविता

नमस्कार,
              इस आमंत्रण के बहाने आपको सबसे पहले बसंत की शुभकामनाएँ.संस्थान द्वारा आयोज्य इस संगोष्ठी में हम सभी अपने दैनिक जीवन की भागादौड़ी में से कुछ ज़रूरी समय निकाल कर बहुत लम्बे समय बाद साहित्य के सरोकारों के तहत मिल रहे हैं.आयोजन का मंतव्य हमारे ही बीच के कवि-आलोचक डॉ. सत्यनरायण व्यास के एकल काव्य पाठ और उनकी साहित्य यात्रा पर पाठकों के विचार जानने  भर  का रहा है.
                   आयोजन में डॉ. सत्यनारायण व्यास स्वयं अपनी नई और चुनी हुई कविताओं का पाठ करेंगे.इस बीच डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंघवी,डॉ. व्यास की कविताओं के मिज़ाज़ का परिचय देंगे और डॉ. रेणु व्यास का डॉ. व्यास के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आत्मीय संबोधन होगा.एकल काव्य पाठ के इस आयोजन में आपकी उपस्थिति 'संभावना' का गौरव होगी.
  • स्थान-पहल संस्थान का सभागार रहेगा जो नगर में ही डाईट रोड़ पर तेजाजी चौक के ठीक पास हैं.
  • समय-चार मार्च,रविवार को दोपहर तीन बजे का रहेगा.
  • विशेष-संभावना संस्थान की मुख पत्रिका बनास जन के तीसरे अंक का लोकार्पण भी इस संगोष्ठी में किया जाना है.
डॉ.कनक जैन
संभावना के लिए 

महिला सशक्तीकरण पर विचार

ये विचार डॉ. सत्य नारायण व्यास ने साल दो हज़ार बारह की शुरुआत में राजस्थान की महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती लाड कुमारी जैन के चित्तौड़ आगमन पर कहे. ये आयोजन एक गोष्टी का था जो प्रयास संस्था के साभागार में हुई थी.छोटा मगर सारगर्भित इस उदबोधन को माणिक ने 'अपनी माटी' प्रोजेक्ट के तहत यहाँ सम्पादित करके पोस्ट किया है.इसे पूरा सुनाने हेतु व्यास जी के इस फोटो पर क्लिक करिएगा.व्यास जे से जुड़े हुए बाके ऑडियो सुनने हेतु यहाँ क्लिक करिएगा.


चित्तौड़ में एकल काव्य पाठ


'बनास' जैसी साहित्यिक पत्रिका निकालने वाली चित्तौड़गढ़ की साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था 'संभावना' के बेनर तले बहुत लम्बे समय बाद आगामी चार मार्च को शाम तीन बजे हमारे नगर के हिन्दी लेखक ,समालोचक और अपनी माटी वेबपत्रिका के सलाहकार डॉ. सत्यनारायण व्यास का एकल काव्य पाठ आयोजित किया जा रहा है.संस्था से जुड़े साथी डॉ. कनक जैन ने बताया कि ये संघोष्टी नगर में डाईट रोड स्थित पहल संस्थान के सभागार में होगी.बिना किसी औपचारिकता के आयोज्य इस कार्यक्रम को लेकर सभी लिखने पढ़ने वालों में उत्साह है.यदा-कदा डॉ. सत्यनारायण के व्यंग्य बाण सुनने वाले श्रोताओं को इस आयोजन में एकमुश्त उनकी बातें और कवितायेँ सुनने को मिलगी.और खासकर वे कवितायेँ जो उन्होंने अपनी स्वैच्छिक सेवानिवृति के बाद लिखी है.

इसी अवसर पर उनके पूर्व प्रकाशित कविता संग्रह 'असमाप्त यात्रा' और 'देह के  उजाले में' पर युवा सृजनकर्मी और शिक्षा में नवाचार के प्रखर चिन्तक डॉ. राजेंद्र सिंघवी समीक्षा पाठ करेंगे.डॉ. कनक जैन भी उनके साथ के अब तक के जुड़ाव पर दृष्टिपात करेंगे.इस मौके पर उनकी बेटी डॉ. रेणु व्यास भी 'एक बेटी की नज़र में साहित्यकार पिता' जैसे विषय पर अपनी बात कहेगी.हमारे हमविचार साथियों के बीच चर्चा है कि इस तरह का आयोजन बहुत लम्बे समय बाद होगा.खुला आमंत्रण है.जो भी रुचिशील हो पधारें. -माणिक 

मैं अम्बेडकर को कई मायनों में महात्मा गांधी से भी बडा मानता हूं.

चित्तौडगढ 14 अप्रैल 2011 

प्रयास कार्यालय में अम्बेडकर जयन्ति के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में सर्वप्रथम संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को माल्यार्पण कर विचार विमर्श प्रारम्भ हुआ. प्रारम्भ में हिंदी साहित्य के समालोचक और कवि डॉ. एस.एन.व्यास ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश में वर्णाश्रम व्यवस्था ही छूआछूत की जड़ है इसे नष्ट करने पर ही देश में समतामूलक समाज का विकास और असल रूप में राष्ट्र का विकास सम्भव है। डॉ. व्यास ने कहा कि मैं अम्बेडकर को कई मायनों में महात्मा गांधी से भी बडा मानता हूं.हिन्दू धर्म के बहुत से ग्रान्ह्तों का सांगोपांग अध्ययन करने के बाद ये पाया कि मनुस्मृति और गीता भी प्रमाणिकता की दृष्टि से संदिग्ध है। सही मानवीय संदेश तो अम्बेडकर ने अपने कृतित्व में दिया है।वे कहते थे कि  देशहित में व्यक्तिगत हित को त्याग दूंगा।मगर जब जातिहित के बात होगी तो राष्ट्रहित को भी वे अलग थलग कर देंगे.देशहित तभी गरिमामयी होगा जब तक समानतामूलक समाज बन पाएगा। डॉ. व्यास कहते हैं कि आज जाती के आधार पर आदमी की पहचान होने के ज़माने गए अब तो व्यक्तिगत जीवन में चरित्र और विचार सर्वोपरी स्थान पाकर पहचान है. 

कोलेज शिक्षा के पूर्व प्राचार्य पुरुषोत्तम गहलोत ने अपने संघर्षमयी जीवन के अनुभवों से अवगत कराते हुए कहा कि उन्होंने जहां-जहां पर भी अपनी सेवाएं दी वहां-वहां छूआछूत को समूल नष्ट करने का पूरा प्रयास किया। उन्होने दलित को समाज का डाक्टर बताते हुए कहा कि यदि ये डाक्टर नही होते तो पूरा गांव सड़ जाता। आरक्षण की उपज असल में आदिवासी,जंगली जातियों या अछूत की वजह से है. इससे आज देश में जातीयता के आधार पर बांटकर जो भयावह और विकट स्थिति उत्पन्न हो की गई है ऐसे में बहुत बड़ा संकट आ गया लगता है.। उन्होंने वर्तमान राजनिति पर कटाक्ष करते हुए कुछ काव्य रचनाएं भी प्रस्तुत की। 

नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता बी.एल.शिशोदिया ने कहा कि हमने कभी भी छूआछूत नही किया.उन्होंने खुद के जीवन से कई संस्मरण सुनाएं. हालिया प्रकाशित हंस पत्रिका और ओमप्रकाश वाल्मीकि की आत्मकथा ''झूठन''  से कई बातें उदाहरण के रूप में कहते हुए उन्होंने दलित साहित्य को बहुत ज़रूरी और धारदार कहा. ऐसे साहित्य को पढ़ने की ज़रूरत भी वक्त की। सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात सिन्हा ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आजाद भारत में दास प्रथा किसी न किसी रूप में आज भी मौजूद है। जाति आधारित व्यवसाय अब नही रहे है । इस बदली हुई परिस्थितियों में आज की जरूरत बदल रही है.जाने क्यों आज भी दलित के हाथो से मंदिरों का निर्माण होता है मगर गंगाजल प्रवेश  के बाद उन्ही मज़दूरों का वहाँ प्रवेश बंद हो जाता है। पेशे से चिकित्सक डॉ. वी.पी. पारिक ने कहा कि इन्सानियत की कोई जात नही होती । 

वरिष्ठ अधिवक्ता के.एल. श्रीमाली ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश में आर्थिक आधार पर शोषण जारी है। उन्होंने बताया कि आदिकाल में जातियता इतनी हावी हो गई कि दलितों को अपने पद चिन्ह मिटाने के लिए शरीर के पीछे कोडा या झाडू बान्ध कर चलना पडता था वे ज़मीन पर थूक नही सकते थे। लेकिन शिक्षा के व्यापक प्रसार और दलितो की जागरूकता के कारण परिस्थितियां कुछ हद तक बदल गई है,इन्हें और भी बदलने की जरूरत है।आज के दौर में एक सोची समझी चाल के तहत पूंजीवादी व्यवस्था कैसे कायम रहे इसी बात के प्रयास अब भी जारी है। अम्बेडकर को कुछ जाति विशेष के लोगों तक सिमित समझना संकीर्ण सोच का परिचायक होगा,वे असल मायनों में मानवता के पुजारी थे वे किसी जाति, धर्म के बन्धन से मुक्त थे।राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक रहे प्रो. सी.एम. कोली ने अम्बेडकर के जीवन के सिलसिलेवार कई वृतान्त करते हुए बताया कि अब आरक्षण राजनीति का शिकार हो गया है। निजी स्वार्थो के वशीभूत होकर अब समूह और वर्ग बनने लगे है। 

संगोष्ठी के अन्त में सामुदायिक स्वास्थ्य वैज्ञानिक और आयोजक प्रयास संस्थान के सचिव डॉ. नरेन्द्र गुप्ता ने दलितों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे देश में आधे से अधिक लोग पर्याप्त भोजन नही मिलने के कारण कुपोषण के शिकार है ऐसे ही समय में बातें उठ रही है कि विश्व के अमीर व्यक्तियों में से हमारे देश में 5वां अमीर व्यक्ति है यह हमारे लिए गर्व की नही शर्म की बात है।  पूंजीपति लोग आर्थिक संसाधनों पर अपना अधिपत्य जमाकर उसे एक ईश्वरीय सत्ता का स्वरूप देने  के साथ ही उसे सांस्कृतिक और धार्मिक जामा पहनाने में लगे हैं ताकि उनके अपने स्वार्थ पूर सकें. अपनी हाल ही की दक्षिणी अफ्रिका यात्रा का जिक्र करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि वहां रंगभेद संग्रहालय में ये अनुभव किया जा सकता है कि जो संसाधनों के वास्तविक मालिक है उन्हें ही उसके असल लाभ से वंचित करके बड़ी चतुरता से सेवक बना दिया जा रहा है। संगोष्ठी में पूर्व प्राचार्य डॉ. ए.एल. जैन,लोकगीतों पर काम करने वाली लेखिका  चन्द्रकान्ता व्यास,स्पिक मैके समन्वयक जे.पी. भटनागर ने भी अपने विचार व्यक्त किये। संचालन 'अपनी माटी वेब पत्रिका के सम्पादक और संस्कृतिकर्मी माणिक ने किया। कार्यक्रम प्रभारी रामेश्वर शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस प्रकार इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक मंच अध्यक्ष नवरतन पटवारी,विजयपाल सिंह, रितेष लढा, अर्पण सेवा संस्थान की  संगीता त्यागी, मनीषा बेन सहित कई प्रबुद्वजन एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।